Balrampur News: रहस्यमयी हालात में किशोरी की हुई मौत, पुलिस एवं फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

बलरामपुर। जनपद के गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील खबर सामने आई है। यहां 13 वर्षीय एक किशोरी अपने ही घर में संद...

Teenage girl dies under mysterious circumstances; police and forensic team investigating.

बलरामपुर। जनपद के गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील खबर सामने आई है। यहां 13 वर्षीय एक किशोरी अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मामला गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के छीतरपारा गांव का है जहां झगरू की 13 वर्षीय पुत्री आंचल घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बस्ती जनपद गए हुए थे जहां कुछ दिन पहले हुए सड़क हादसे में पत्नी के फ्रैक्चर हुए पैर का ऑपरेशन कराया जाना था। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय घर पर केवल आंचल और उसका 9 वर्षीय भाई संस्कार मौजूद थे।

परिजनों के अनुसार आंचल पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी और उसका स्थानीय चिकित्सक से इलाज भी चल रहा था। इसी बीच सुबह लगभग 8 बजे बेटी की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजन तुरंत बस्ती से अपने गांव पहुंचे जहां घर का माहौल गमगीन था। घटना की सूचना मिलते ही गैंड़ास बुजुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर और आसपास के क्षेत्र का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि जांच के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए। इसके बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान और परिजनों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। वहीं थाना प्रभारी हरीश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में कोई तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत कई सवाल छोड़ गई है। आखिर उसकी मौत कैसे हुई? क्या यह बीमारी का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है? इन सभी सवालों के जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल पूरे मामले पर हमारी नजर बनी हुई है। जैसे ही इस घटना से जुड़ी कोई आधिकारिक और पुष्ट जानकारी सामने आएगी, हम सबसे पहले आपको उससे अवगत करायेंगे।

    Home Trending Shorts Stories Join Now