जौनपुर में चार घंटे बिजली सप्लाई रहेगी बंद, इन जगहों पर पड़ेगा असर
जौनपुर। जिले में मंगलवार को बिजली उपभोक्ताओं को करीब चार घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। अहियापुर स्थित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र पर...
जौनपुर। जिले में मंगलवार को बिजली उपभोक्ताओं को करीब चार घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। अहियापुर स्थित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र पर विभाग की ओर से जरूरी अनुरक्षण और सुधार कार्य कराया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
पुराने पोल बदले जाएंगे, पेड़ों की टहनियों की होगी कटाई
बिजली विभाग इस दौरान उपकेंद्र से जुड़े पुराने बिजली के पोल बदलने का काम करेगा। इसके साथ ही बिजली के तारों के आसपास आ रही पेड़ों की टहनियों को भी हटाया जाएगा। विभाग के मुताबिक यह कार्य दुर्गा पूजा से पहले बिजली व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में कम से कम परेशानी हो।
इन जगहों पर बंद रहेगी बिजली सप्लाई
अहियापुर उपकेंद्र से जुड़े पुरानी बाजार, वर्ल्ड बैंक, कोतवाली और टाउन-2 फीडर इस शटडाउन से प्रभावित होंगे। इसके चलते मंडी नसीब खान, मीरमास्ट, खासनपुर, उर्दू बाजार, पुरानी बाजार, लाल दरवाजा और रसूलाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
उपखंड अधिकारी जितेंद्र कुमार और जूनियर इंजीनियर नीरज कुमार ने बताया कि कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरत पड़ने पर बीच-बीच में भी बिजली आपूर्ति बंद की जा सकती है। काम पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
