टिकरी कला में मुख्य मार्ग बना दलदल, कीचड़ में तब्दील सड़क से ग्रामीण बेहाल
खुटहन, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम पंचायत टिकरी कला गांव के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिये परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव के चलते मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है जिससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान कई बार आकृष्ट कराया गया लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि गांव का यह प्रमुख मार्ग होने के बावजूद इसकी दुर्दशा पर जिम्मेदार गम्भीरता नहीं दिखा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने खण्ड विकास अधिकारी खुटहन नीरज जायसवाल से मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग किया है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के दावों के बीच गांव की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मतदाताओं के वोट से चुनी और उनके करों से संचालित व्यवस्था में आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिये भी संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डायल 1076 पर भी शिकायत दर्ज किया तो जिम्मेदारों ने अपने हित सम्बन्धित रिपोर्ट लगाकर कर शिकाय की इति श्री कर दी।
समाचार लिखे जाने तक मार्ग की स्थिति जस की तस बनी हुई थी और ग्रामीण कीचड़ व दलदल के बीच आवागमन करने को मजबूर थे। ग्रामीणों ने मांग किया कि संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क को दुरुस्त करायें, ताकि लोगों को नारकीय आवागमन से राहत मिल सके।
.webp)