Jaunpur News: लंपी रोग से बचाव के लिए तेज हुआ टीकाकरण अभियान, 1200 पशुओं को लगा टीका
महराजगंज (जौनपुर)। विकासखंड क्षेत्र में पशुओं को लंपी जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। राजकीय पशु चिकित...
महराजगंज (जौनपुर)। विकासखंड क्षेत्र में पशुओं को लंपी जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। राजकीय पशु चिकित्सालय की टीम रोस्टर के अनुसार अलग-अलग गांवों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही है। अब तक करीब 1200 पशुओं को लंपी रोग से बचाव का टीका लगाया जा चुका है।
राजकीय पशु चिकित्सक डॉ. सचिन सिंह ने बताया कि टीकाकरण अभियान में अस्पताल के कर्मचारी पूरी तरह जुटे हुए हैं। टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांवों में पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण कर रही है, ताकि बीमारी के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
डॉ. सचिन सिंह ने बताया कि टीकाकरण के साथ-साथ पशुपालकों को लंपी रोग के लक्षण, बचाव के उपाय और पशुओं की देखभाल के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। पशुपालकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं और किसी भी तरह के संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें।
पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा पशुपालकों से अपील की गई है कि वे पशुओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। समय पर उपचार और सावधानी से पशुओं को गंभीर संक्रमण से बचाने में मदद मिल सकती है।
