Jaunpur News: इंटरसिटी एक्सप्रेस के सामने कूदकर 47 वर्षीय व्यक्ति ने दी जान, जौनपुर जंक्शन के आउटर पर हादसा
जौनपुर। भंडारी जंक्शन के आउटर सिग्नल के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 47 वर्षीय राजेश शुक्ला ने वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस...
इंटरसिटी ट्रेन के आते ही पटरी पर कूदे
बताया गया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे राजेश शुक्ला जौनपुर जंक्शन के आउटर सिग्नल के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक से लखनऊ के लिए रवाना हुई वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस वहां पहुंची। ट्रेन को आता देख उन्होंने अचानक पटरी पर छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गोंड और उपनिरीक्षक गिरीश मिश्र पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजेश शुक्ला के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, राजेश शुक्ला मूल रूप से गुजरात के सूरत जिले के रहने वाले थे। उनका पता ग्राम नरगिस, थाना बतिया, सूरत (गुजरात) बताया गया है।
अंबेडकर नगर में बेटी-दामाद के साथ रह रहे थे
पुलिस की ओर से संपर्क किए जाने के बाद जानकारी सामने आई कि राजेश शुक्ला पिछले कुछ समय से अंबेडकर नगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र स्थित तेंदुआ गांव में अपनी बेटी और दामाद के साथ रह रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके स्वजन मौके पर पहुंचे।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
