Jaunpur News: 9 घंटे तक कुएं में फंसी रही गाय, ग्रामीणों ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद बचाई जान
![]() |
| ग्रामीणों ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद बचाई जान |
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हौशिला प्रसाद तिवारी की गाय गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे खेत में चर रही थी। इसी दौरान वह अचानक घर के सामने स्थित कुएं में गिर गई। शुरुआत में परिजनों को लगा कि गाय आसपास कहीं चर रही होगी, इसलिए किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। दोपहर से शाम तक जब गाय घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। रात करीब 9 बजे हौशिला प्रसाद को कुएं की तरफ देखने का विचार आया। जब उन्होंने अंदर झांककर देखा तो गाय कुएं में फंसी हुई छटपटा रही थी।
गाय के कुएं में होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। करीब 45 मिनट तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गाय को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के तुरंत बाद पशु चिकित्सक को बुलाया गया। डॉक्टरों ने गाय का प्राथमिक उपचार शुरू किया और बताया कि उसकी स्थिति सुरक्षित है। आवश्यक दवाएं देने के बाद उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई गई। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
.webp)