जौनपुर में स्कूल वैन हादसे पर सांसद सीमा द्विवेदी और विधायक पंकज पटेल ने जताया दुख, जल्द स्वस्थ होने की कामना

Jaunpur News

मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। डीआरएम इंटरनेशनल स्कूल की वैन और निजी बस के बीच हुई टक्कर में कई छात्रों के घायल होने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया। हादसे के बाद घायल बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। घटना पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने दुख जताते हुए घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे के बाद वायरल हुआ घायल बच्चों का वीडियो

बताते चले कि वायरल वीडियो में स्कूल वैन दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दे रही है। सड़क पर एक व्यक्ति घायल बच्चे को गोद में लिए खड़ा नजर आ रहा है, जबकि दो अन्य छात्र सड़क पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चों के शरीर और सिर से खून निकलता भी नजर आ रहा है। हादसे में घायल छात्रों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सिद्धार्थ की हालत गंभीर बताई गई है। उसे गंभीर चोट आने के बाद 18 टांके लगाए गए हैं। वहीं आदित्य को पांच टांके और प्रभाष को छह टांके लगाए गए हैं।

सीओ मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद आदित्य को उल्टी हुई थी और उसमें खून भी आया था। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

सांसद और विधायक ने जताया दुख

राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने भी मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में स्कूली बच्चों के घायल होने पर दुख जताया। उन्होंने अपने संदेश में घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया। सांसद ने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रशासन से आग्रह किया कि सभी घायल बच्चों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ईश्वर से सभी बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

वहीं मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने सोशल मीडिया पर घटना पर दुख जताते हुए लिखा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में मासूम स्कूली बच्चों के घायल होने का समाचार हृदय को व्यथित करने वाला है। उन्होंने घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि प्रत्येक घायल बच्चे को तत्काल सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध हो। 

घटना के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पढ़ें अपने जिले की ताज़ा और विश्वसनीय खबरें Jaunpur Varta पर

Google News पर फॉलो करें - Click Now

WhatsApp चैनल से जुड़ें - Click Now

X (Twitter) पर फॉलो करें - Click Now
Home Trending Shorts Stories Join Now